दुर्ग। विधानसभा चुनाव के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव से जुड़े बहुचर्चित एमएमएस वायरल मामले में एक बार फिर जांच तेज हो गई है। पुलिस के नोटिस के बाद विधायक आज अपने फोटो और वीडियो का सैंपल देने भिलाई नगर कोतवाली थाना पहुंचे।
करीब ढाई साल पुराने इस मामले को लेकर विधायक देवेंद्र यादव आक्रामक रुख में नजर आए। उन्होंने कहा कि इस मामले में वे स्वयं प्रार्थी हैं, बावजूद इसके पुलिस शासन और प्रशासन के दबाव में काम कर रही है।
यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें 6 अप्रैल को नोटिस जारी कर उसी दिन सुबह 11 बजे थाने में उपस्थित होने के लिए कहा, जबकि नोटिस डाक के माध्यम से दोपहर 1 बजे उनके पास पहुंचा। इसे उन्होंने “नोटिस-नोटिस का खेल” करार दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वायरल किए गए इस कथित एमएमएस के जरिए उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। ढाई साल बीत जाने के बावजूद अब तक जांच पूरी नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
विधायक ने यह भी कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया था और मांग की थी कि मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए। उन्होंने तर्क दिया कि जब अन्य मामलों में केंद्रीय एजेंसी से जांच संभव है, तो उनके मामले में भी समान न्याय मिलना चाहिए।
फिलहाल, पुलिस द्वारा सैंपल लेने की प्रक्रिया के साथ इस मामले में आगे की जांच जारी है।





