July 23, 2026

भिलाई निगम आयुक्त राजीव पांडेय का तबादला, 30 साल में पहली बार महिला आयुक्त बनीं IAS सुरुचि सिंह

भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय का तबादला कर उन्हें अपर संचालक, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) एवं 2020 बैच की आईएएस अधिकारी सुरुचि सिंह को भिलाई नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।

भिलाई नगर निगम में आयुक्त राजीव पांडेय और महापौर नीरज पाल के बीच लंबे समय से विवाद और खींचतान चल रही थी। महापौर नीरज पाल और कांग्रेस पार्षद लगातार उनके तबादले की मांग कर रहे थे। हालांकि इस मामले में दायर याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो गई थी, लेकिन अब जारी हुए तबादला आदेश को महापौर खेमे के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

30 साल में पहली महिला आयुक्त

8 जून 1996 को भिलाई नगर निगम के गठन के बाद अब तक 26 आयुक्त अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सुरुचि सिंह निगम की 27वीं आयुक्त होंगी और नगर निगम के 30 वर्ष के इतिहास में पहली महिला आयुक्त के रूप में पदभार संभालेंगी।

कई चुनौतियों से होगा सामना

नई आयुक्त सुरुचि सिंह के सामने निगम में वेतन संकट, अधूरी आवास योजनाएं, राजस्व वसूली, वित्तीय प्रबंधन और शहर के विकास कार्यों को गति देने जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां रहेंगी। शासन का तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।