भिलाईनगर। बहुप्रतीक्षित रावघाट रेल लाइन परियोजना अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 20 मई को रावघाट रेलखंड पर इंजन की सफल रोलिंग के बाद रावघाट माइंस से सीधे रेल रेक संचालन का रास्ता लगभग साफ हो गया है। अक्टूबर 2026 से सीधे रेक संचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
रावघाट रेल लाइन परियोजना अंतिम चरण में
वर्ष 2008 में इस परियोजना के लिए एमओयू हुआ था। करीब 95 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन नक्सल प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरती है, इसलिए सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती रही। गृह मंत्रालय के निर्देश पर दल्लीराजहरा से रावघाट तक 4 अर्ध-स्थायी और 21 स्थायी सुरक्षा शिविर बनाए गए, जिन पर सेल द्वारा 180 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए गए।
रेलवे निर्माण कार्य भारतीय रेलवे द्वारा सेल के वित्तीय सहयोग से कराया जा रहा है, जबकि निर्माण एजेंसी आरवीएनएल है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1854 करोड़ रुपए बताई गई है।
कुम्हली समिति में 690 क्विंटल धान और हजारों बारदाने गायब
दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित कुम्हली सहकारी समिति में 690.70 क्विंटल धान और 3057 बारदाने गायब पाए गए हैं। जांच में अनियमितता सामने आने के बाद दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए गए हैं।
23 अप्रैल को खाद्य एवं सहकारिता विभाग की जांच टीम ने भौतिक सत्यापन के दौरान धान और बारदानों की कमी पकड़ी थी। इसके बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ओर से थाना जामगांव आर में एफआईआर दर्ज कराने आवेदन दिया गया है।
दुर्ग में 45 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान
दुर्ग जिले में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री तक और वृद्धि की संभावना जताई है।
विभाग ने आगामी पांच दिनों के दौरान एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी भी जारी की है।
बधियाकरण के बावजूद नहीं घट रहे स्ट्रीट डॉग
दुर्ग शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। नगर निगम के अनुसार शहर में करीब 8000 स्ट्रीट डॉग हैं, जिनमें से पिछले पांच वर्षों में 6000 से ज्यादा का बधियाकरण किया जा चुका है। इसके बावजूद सड़कों और मोहल्लों में कुत्तों के झुंड दिखाई दे रहे हैं।
भिलाई निगम में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
भिलाई नगर निगम ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 6 वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं। अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार तिग्गा को प्रभारी मुख्य अभियंता बनाया गया है, जबकि कई अधिकारियों को नए विभागों और जोनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के ठेके पर सवाल
राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में मरीजों के भोजन का ठेका वर्षों से एक ही संस्था को दिए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। जागृति महिला समूह को लगातार ठेका मिलने और प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरतने के आरोप लगाए गए हैं।
जीएम सोया मील आयात की मांग
ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर एसोसिएशन के अध्यक्ष Bahadur Ali ने केंद्रीय मंत्री Piyush Goyal को पत्र लिखकर जीएम सोया मील आयात की अनुमति देने और मूल्य स्थिरीकरण तंत्र लागू करने की मांग की है।





