भिलाईनगर। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए लेफ्ट टर्न फ्री प्रणाली लागू करने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूर्या मॉल चौक नेहरू नगर, सुपेला चौक और नेहरू नगर चौक को लेफ्ट टर्न फ्री चौक बनाने की योजना पर काम चल रहा है। भारी ट्रैफिक दबाव वाले इलाकों में इस व्यवस्था से यातायात सुगम बनाने की कोशिश की जा रही है। नेशनल हाईवे रोड पर सुपेला घड़ी चौक को भी लेफ्ट टर्न फ्री बनाने के लिए चिन्हित किया गया है।
दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 9 मार्च कर दी गई है। चुनाव समिति के अनुसार सदस्यता क्रमांक में हुई त्रुटि के कारण यह निर्णय लिया गया। अधिवक्ता संघ का मतदान 28 मार्च को होगा, जबकि मतगणना 29 और 30 मार्च को सुबह 9 बजे से शुरू होगी।
भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने दुर्ग जिले के एक फार्मेसी कॉलेज में चयनित 8 फैकल्टी सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर 26 फरवरी को आयोजित साक्षात्कार के बाद यह स्वीकृति दी गई।
भिलाईनगर। सीएसवीटीयू ने एम. फार्मेसी तृतीय सेमेस्टर (पीसीआई स्कीम) के छात्रों के लिए परीक्षा फार्म भरने का पोर्टल खोल दिया है। छात्र 9 मार्च तक बिना लेट फीस के ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने सभी छात्रों के लिए एबीसी आईडी अनिवार्य कर दी है।
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम रिसाली ने वित्तीय वर्ष के अंतिम महीने में राजस्व वसूली तेज करने के लिए टैक्स काउंटर खोल दिए हैं। नागरिक 31 मार्च तक बिना अधिभार के संपत्तिकर और जलकर जमा कर सकते हैं। सुविधा के लिए सप्ताहांत में भी काउंटर खुले रहेंगे।
राजनांदगांव। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद महिला जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
राजनांदगांव। मोहला विकासखंड में 10 मार्च को गोंड समाज केंद्र सुवरबोड़ की ओर से सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर चार जोड़े सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।





