दुर्ग। जिले की खुर्सीपार पुलिस ने ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के आईटीआई मैदान क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी “अन्ना रेड्डी” नामक ऑनलाइन बेटिंग एप्लीकेशन के माध्यम से अवैध सट्टा संचालन और वित्तीय लेन-देन कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिलाई निवासी अजय कुमार मिश्रा, करण कुमार सिंह और बिहार निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े होने और अवैध वित्तीय गतिविधियों में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आईपीएल सीजन के दौरान झारखंड के रांची में रहकर भी ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन करते थे। इस संबंध में पुलिस को कई डिजिटल और वित्तीय साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। बाद में इन खातों का उपयोग ऑनलाइन सट्टे से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने, छिपाने और निकासी के लिए किया जाता था। नेटवर्क में कई बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल नंबर और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर लेन-देन को जटिल बनाया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 62 बैंक पासबुक, 81 एटीएम कार्ड, 5 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।
इस मामले में खुर्सीपार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 318(3), 318(4), 319 तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 5, 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जब्त डिजिटल उपकरणों और बैंक खातों की तकनीकी एवं वित्तीय जांच की जा रही है। जांच के दौरान इस पूरे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन का भी खुलासा होने की संभावना है।





