दुर्ग। भिलाई के स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र स्थित कोहका के एक OYO होटल में मंगलवार रात एक 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी प्रेमिका भी कमरे में मौजूद थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शादाब शेख (19), निवासी कैंप, भिलाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे युवक अपनी प्रेमिका के साथ कोहका स्थित होटल कुणाल के एक कमरे में ठहरा था। रात के दौरान दोनों ने शराब पी, जिसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि युवती नशे की हालत में सो गई। इसी दौरान युवक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह खुला घटना का राज
बुधवार सुबह जब युवती की नींद खुली तो उसने युवक को फंदे पर लटका देखा। उसने उसे नीचे उतारकर अपने दोस्तों को बुलाया। इसके बाद युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर स्मृतिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। साथ ही होटल कर्मचारियों, युवक-युवती के दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।





