July 31, 2026

भिलाई में पीजी के कमरे में युवती की चाकू मारकर हत्या, पढ़ाई के साथ कैफे में करती थी काम

दुर्ग। भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित रामनगर में शुक्रवार को एक युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान बेमेतरा निवासी 20 वर्षीय खुशी साहू के रूप में हुई है, जो पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, खुशी साहू पढ़ाई के साथ-साथ वैशाली नगर स्थित फ्रेंड्स कैफे में भी काम करती थी। वह अपनी एक सहेली के साथ पीजी में रहती थी। घटना के समय उसकी सहेली नहाने गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी कमरे में पहुंचा और खुशी पर धारदार चाकू से हमला कर फरार हो गया।

CG Murder News

जब सहेली वापस कमरे में पहुंची तो खुशी को बिस्तर पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। उसने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद घायल युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतका के दोस्तों, परिचितों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में धारदार चाकू से हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।