दुर्ग। भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित रामनगर में पीजी (PG) में रह रही 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में बलौदाबाजार निवासी आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग का सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, बेमेतरा निवासी खुशी साहू भिलाई के रामनगर स्थित पीजी में अपनी रूममेट के साथ रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। साथ ही वह पास के एक कैफे में नौकरी भी करती थी। 10 जुलाई को एक युवक पीजी में पहुंचा और खुशी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गया। घटना के समय उसकी रूममेट बाथरूम में थी। बाहर निकलने पर उसने खुशी को लहूलुहान हालत में देखा और मकान मालिक तथा परिजनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बातचीत से इंकार करने पर रची हत्या की साजिश
घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुशी से एकतरफा प्रेम करता था। वह उससे लगातार बातचीत करना चाहता था, लेकिन युवती द्वारा इनकार किए जाने से वह नाराज था। इसी कारण उसने पहले से योजना बनाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
रायपुर से खरीदा चाकू, सबूत मिटाने की भी कोशिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात से पहले रायपुर पहुंचा और वहां से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू खरीदा। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था।
पीजी के कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पहले खुशी का गला दबाया और फिर चाकू से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई वार किए। हत्या के बाद उसने अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।





