March 4, 2026

भिलाई में रिटेंशन पर बाइक रैली, दुर्ग में लाउडस्पीकर प्रतिबंध; राजनांदगांव में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, डोंगरगढ़ में चक्काजाम

भिलाई में रिटेंशन मुद्दे पर बाइक रैली

भिलाईनगर में रिटेंशन के मुद्दे पर सोमवार को भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बाइक रैली निकालकर जनजागरण किया। रैली का नेतृत्व कार्मिक कल्याण संघ के अध्यक्ष सुरेश चंद ने किया।

रैली सेक्टर-10 मार्केट दुर्गा मैदान से शुरू होकर न्यू सिविक सेंटर होते हुए होटल हरिराज के पास समाप्त हुई। 62 से 80 वर्ष आयु वर्ग के कर्मचारियों ने “भिलाई को हमने बसाया है, भिलाई को हम बचाएंगे” के नारे लगाए।

स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन सहित कई व्यापारी नेताओं ने रैली का स्वागत किया। आयोजन में ब्रह्मदेव पटेल, अशोक मिश्रा, भवानी शंकर शर्मा, रजनीकांत, राधाकांत सहित अनेक श्रमिक नेता मौजूद रहे।

‘आकाशगंगा’ के बकायादारों का आवंटन होगा निरस्त

आकाशगंगा व्यवसायिक परिसर में किराया बकाया रखने वाले आवंटियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। निर्धारित समय में किराया जमा नहीं करने पर 18 फरवरी को तालाबंदी कर आवंटन निरस्त किया जाएगा।

दुर्ग जिले में रात 10 से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर प्रतिबंध

दुर्ग में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अभिजीत सिंह ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के तहत 30 जून तक रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक लाउडस्पीकर व ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।

परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के अध्ययन में व्यवधान रोकने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया गया है। विशेष अवसरों पर संबंधित एसडीएम से अनुमति लेनी होगी।

निर्माण श्रमिक पंजीयन के लिए ऑनलाइन आवेदन

जिले में लोक सेवा केन्द्र, च्वाइस सेंटर और श्रम संसाधन केन्द्रों के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के पंजीयन व नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी है। पंजीयन की वैधता 5 वर्ष निर्धारित है। हितग्राही आधार कार्ड, बैंक पासबुक और श्रमिक कार्ड के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

शराब पीकर स्कूल आने वाला शिक्षक निलंबित

विकासखंड दुर्ग अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खाड़ा के सहायक शिक्षक देवेश कुमार देशमुख को जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने 16 फरवरी को निलंबित कर दिया।

जांच में पाया गया कि शिक्षक नशे की हालत में विद्यालय पहुंचते थे, छात्रों से अमर्यादित व्यवहार करते थे और उपस्थिति पंजी में अनियमितता बरतते थे।

राजनांदगांव में खुलेगा इलेक्ट्रॉनिक और स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर

राजनांदगांव जिले के पटेवा में लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC 2.0) और ग्राम बिजेतला में 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (SMC) स्थापित किया जाएगा।

परियोजना से हजारों लोगों को रोजगार मिलने और जिले को औद्योगिक हब के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

डोंगरगढ़ में पोस्ट ऑफिस के खिलाफ चक्काजाम

डोंगरगढ़ के जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में कथित करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े से आक्रोशित ग्रामीण खाताधारकों ने सोमवार को रेलवे स्टेशन रोड जाम कर धरना दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि फरार पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी ने आठ गांवों के हजारों खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी की है। विधायक हर्षिता बघेल भी धरना स्थल पर पहुंचीं। एसडीएम के जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद देर शाम चक्काजाम समाप्त हुआ।

संभागीय पोस्ट ऑफिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।