July 31, 2026

चलती स्कूल वैन से सड़क पर गिरा मासूम, CCTV में कैद हुई लापरवाही; बड़ा हादसा टला

दुर्ग। भिलाई में स्कूल वैन संचालक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। छावनी थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्चा चलती स्कूल वैन के खुले गेट से सड़क पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि वैन के पीछे कोई भारी वाहन नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, घटना 8 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। खुर्सीपार स्थित फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। नंदिनी रोड पर एक बच्चे को उतारने के बाद वैन आगे बढ़ी, तभी पीछे बैठे एक मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर गिर पड़ा।

खुला रह गया था वैन का पिछला गेट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन चालक ने बच्चे को उतारने के बाद पीछे का गेट ठीक से बंद नहीं किया। गेट खुला होने के बावजूद उसने वाहन आगे बढ़ा दिया। जैसे ही वैन की रफ्तार बढ़ी, पीछे बैठा बच्चा खुले गेट से सड़क पर गिर गया।

300 मीटर आगे जाकर रुकी वैन

बच्चे को गिरता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने वैन चालक को आवाज लगाई, लेकिन चालक करीब 300 मीटर आगे निकल गया। इसके बाद पीछे चल रहे बाइक सवारों ने वैन का पीछा कर उसे रोका। मौके पर मौजूद एक महिला ने घायल बच्चे को संभाला और दोबारा स्कूल वैन में बैठाकर रवाना किया।

वैन में नहीं था कोई कंडक्टर

बताया जा रहा है कि घटना के समय स्कूल वैन में चालक के अलावा कोई कंडक्टर या सहायक मौजूद नहीं था। बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अकेले चालक पर होने के कारण यह गंभीर लापरवाही सामने आई है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल वैनों की सुरक्षा व्यवस्था, फिटनेस और बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब अभिभावक दोषी चालक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।