दुर्ग। भिलाई में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले ही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने महिलाओं को निशाना बनाया। इस दौरान करीब चार से पांच महिलाओं के गले से चेन झपटने की घटनाएं सामने आई हैं। घटना के बाद कलश यात्रा में शामिल महिलाओं में नाराजगी देखने को मिली।
भिलाई के सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन बोल बम एवं कल्याण समिति की ओर से किया जा रहा है। कथा शुरू होने से पहले रविवार को सेक्टर-5 मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच निकली इस यात्रा में 11 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। यात्रा सेक्टर-5 मंदिर से शुरू होकर जयंती स्टेडियम स्थित कथा पंडाल में पहुंचकर समाप्त हुई।
यात्रा के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर संदिग्धों ने महिलाओं को निशाना बनाया। पुलिस को चेन स्नैचिंग के प्रयास और घटनाओं से जुड़ी शिकायतें मिली हैं। बताया जा रहा है कि करीब चार से पांच महिलाओं के साथ चेन झपटने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके बाद महिलाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
वहीं, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शिव महापुराण कथा के दौरान सुरक्षा के लिए 20 राजपत्रित अधिकारियों समेत 700 से अधिक पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग के प्रयास की शिकायतें मिली हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस के सामने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती है। कलश यात्रा के दौरान हुई घटनाओं के बाद आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।





