दुर्ग। भिलाई के स्मृति नगर चौकी परिसर में नारेबाजी और पुलिसकर्मियों से अभद्रता के आरोप में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चेतन चंदेल और उनके साथियों पर बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कार्यकर्ता शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार शाम स्मृति नगर चौकी पहुंचे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चौकी परिसर में घुसकर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें आवेदन देने और कुछ समय तक इंतजार करने के लिए कहा, लेकिन कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और क्रांति सेना के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि पहले स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद सुपेला थाना प्रभारी ने भी समझाइश दी, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। बाद में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया।
स्थिति बिगड़ने पर सीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को चौकी परिसर से बाहर निकलवा दिया। इसके बाद स्मृति नगर चौकी की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से आवेदक भूपेंद्र साहू (33) ने शिकायत दर्ज कराई है कि अनुराग चंद्राकर अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और कार में स्क्रैच लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





