September 4, 2026

भिलाई में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के ठिकानों पर State GST की दबिश, 24 अधिकारी कर रहे जांच

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह के ठिकानों पर स्टेट GST की टीम ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। हैवी इंडस्ट्रियल एरिया के हथखोज स्थित इंद्रजीत सिंह छोटू हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के परिसर में GST अधिकारियों की टीम कारोबार और दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह कार्रवाई स्टेट GST दुर्ग की टीम ने संयुक्त आयुक्त गुलापा पुरसेठ के निर्देश पर की है।

मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी के पास 1500 से अधिक ट्रक हैं। GST टीम कंपनी के वाहनों के संचालन, कारोबार और उससे संबंधित GST रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।

बलौदाबाजार यार्ड में भी जांच

स्टेट GST की एक अन्य टीम ने बलौदाबाजार स्थित कंपनी के यार्ड में भी दबिश दी है। यहां वाहनों और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई से कंपनी के अलग-अलग कारोबारी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

24 GST अधिकारी जांच में जुटे

कार्रवाई में करीब 24 GST अधिकारी शामिल हैं। दो टीमों के नेतृत्व में जांच की जा रही है। एक टीम का नेतृत्व उपायुक्त प्रभात सोनी और दूसरी टीम का नेतृत्व उपायुक्त संदीप यदु कर रहे हैं। टीम में निरीक्षक और राज्य कर अधिकारी भी शामिल हैं।

अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और सामने आए तथ्यों को लेकर विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

कौन हैं इंद्रजीत सिंह छोटू?

इंद्रजीत सिंह छोटू भिलाई के ट्रांसपोर्ट कारोबारी हैं और विभिन्न सामाजिक व खेल संगठनों से भी जुड़े बताए जाते हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे कई संस्थाओं में निदेशक और अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

  • डायरेक्टर – हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC)
  • डायरेक्टर – एसबीएस हॉस्पिटल भिलाई
  • अध्यक्ष – भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन
  • अध्यक्ष – यूथ सिख सेवा समिति, भिलाई
  • अध्यक्ष – सर्व समाज कल्याण समिति
  • अध्यक्ष – न्यू गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़