दुर्ग। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार को टर्बाइन ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे पूरे प्लांट में हड़कंप मच गया। इस हादसे में 8 मजदूर घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
टर्बाइन ब्लास्ट के बाद फैली आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लांट के पीबीएस-2 यूनिट में टर्बाइन में अचानक ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आने से दो नियमित कर्मचारी और कई ठेका मजदूर घायल हो गए।
केबल के सहारे नीचे उतरकर बचाई जान
घटना के दौरान मजदूर चारों ओर से आग और धुएं से घिर गए थे। बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिलने पर उन्होंने केबल खोलकर खिड़की से बांधी और उसी के सहारे एक-एक कर नीचे टीन शेड पर उतरकर अपनी जान बचाई। इस दौरान केबल से हाथ छिलने के कारण कई कर्मचारी घायल भी हुए।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना में एक कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि अन्य को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को पहले मेन मेडिकल पोस्ट में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका एक्स-रे और अन्य जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





