July 31, 2026

BSP में बड़ा हादसा: 50 फीट नीचे गिरा ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन, ठेका मजदूर गंभीर घायल

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में शुक्रवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में संचालित ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत ठेका मजदूर रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, केबिन नीचे गिरते समय बीच में एक स्टील बीम से टकरा गया, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हो गई और वह सीधे जमीन पर नहीं गिरा। इससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन केबिन के अंदर मौजूद ऑपरेटर रविंद्र चौधरी को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

हादसे के तुरंत बाद प्लांट कर्मियों ने घायल मजदूर को मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित ओवर ब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था।

इसके बावजूद क्रेन का केबिन टूटकर गिर जाने से सुरक्षा व्यवस्था और मेंटेनेंस प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि हादसा तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ। बीएसपी प्रबंधन ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।