July 23, 2026

स्टंटबाज युवक ने पुलिस हिरासत में बनाई रील, लिखा- ‘आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल’

दुर्ग। भिलाई में खतरनाक बाइक स्टंट करने के आरोप में गिरफ्तार युवक ने पुलिस कार्रवाई के बाद भी कानून का मजाक उड़ाते हुए पुलिस वाहन के भीतर से रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, सुपेला पुलिस ने युवक युवराज सोनी को सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करने और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोपी का स्टंट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया था।

सुपेला पुलिस ने शनिवार शाम प्रेस नोट जारी कर बताया था कि आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। हालांकि गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस वाहन के अंदर बैठकर एक और वीडियो बना लिया।

वायरल वीडियो में युवक हाथ में लगी हथकड़ी दिखाते हुए नजर आ रहा है। उसने इंस्टाग्राम स्टोरी में कैप्शन लिखा, “आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल।” वीडियो में वह हंसते हुए विक्ट्री साइन भी दिखा रहा है, जिसे पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने के तौर पर देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के करीब तीन घंटे बाद आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट से यह स्टोरी अपलोड की गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।