September 4, 2026

भिलाई में 3 नाबालिग बच्चियों से यौन दुर्व्यवहार का आरोप, नड्डा खिलाने का लालच देकर बुलाने वाला 59 वर्षीय दुकानदार गिरफ्तार

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से नाबालिग बच्चियों के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 59 वर्षीय दुकानदार ने नड्डा खिलाने का लालच देकर पड़ोस में रहने वाली तीन नाबालिग बच्चियों को अपने घर बुलाया और उनके साथ आपत्तिजनक हरकत की। बच्चियों द्वारा परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद मामले का खुलासा हुआ। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

नड्डा खिलाने के बहाने घर बुलाने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, आरोपी दुकान संचालित करता है, जहां नड्डा, मुरकू समेत अन्य खाने-पीने की चीजें बेची जाती हैं। आरोप है कि आरोपी ने पड़ोस में रहने वाली बच्चियों को नड्डा खिलाने का लालच दिया और उन्हें अपने घर बुलाया। वहां उनके साथ कथित तौर पर यौन दुर्व्यवहार किया गया।

बच्चियों ने जब अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, तो परिवार के लोग उन्हें लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित बच्चियों का मुलायजा कराया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

छावनी CSP प्रशांत पैकरा ने बताया कि सोमवार को छावनी थाना क्षेत्र में मुरकू और नड्डा बेचने वाले दुकान संचालक के खिलाफ तीन नाबालिगों से दुष्कर्म का मामला सामने आया। परिजनों की शिकायत पर FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ितों का मुलायजा कराने के साथ मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

करणी सेना ने घेरा थाना

घटना की जानकारी सामने आने के बाद करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने देर रात कोतवाली थाने का घेराव किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उसका जुलूस निकालने की मांग भी की। साथ ही बच्चियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।