July 30, 2026

तंत्र-मंत्र और जिन्न का डर दिखाकर महिला से 85 लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर 62 वर्षीय महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने घरेलू समस्याएं दूर करने, प्रेत बाधा समाप्त करने और विशेष पूजा कराने का दावा करते हुए महिला और उसके परिवार को अपने झांसे में लिया। पुलिस ने जबलपुर निवासी आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार भिलाई निवासी संगीता कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई है कि नवंबर 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात जबलपुर निवासी पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने दावा किया कि वह विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए उनकी समस्याएं दूर करा सकता है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी लगातार फोन कर ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न का डर दिखाने लगा। उसने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और गुप्त पूजाओं के नाम पर महिला से बड़ी रकम वसूली। महिला का कहना है कि आरोपी ने दैवीय शक्तियों का भय दिखाकर कई बार पैसे लिए।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद आरोपी ने इस घटना का फायदा उठाते हुए भविष्यवाणी और अशुभ प्रभावों का डर दिखाकर और अधिक रकम ऐंठ ली। इसके अलावा उसने शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफे का लालच भी दिया, जिसके चलते महिला और उसके बेटे के खातों से अलग-अलग किश्तों में पैसे ट्रांसफर किए गए।

शिकायत के मुताबिक जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने हाथ की नस काटने की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजकर भावनात्मक दबाव बनाया। बाद में खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार बताया और कानूनी कार्रवाई से बचने के नाम पर करीब 7 लाख रुपये और वसूल लिए।

दुर्ग एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि महिला द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल चैट और अन्य दस्तावेजों के आधार पर आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।