May 14, 2026

भितरकनिका नेशनल पार्क 3 महीने के लिए बंद, मगरमच्छों के प्रजनन सीजन के चलते लिया गया फैसला

भुवनेश्वर। ओडिशा का प्रसिद्ध मैंग्रोव पारिस्थितिकी तंत्र और मगरमच्छ अभयारण्य, भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान को पर्यटकों के लिए तीन महीने के लिए बंद कर दिया गया है। यह प्रतिबंध 1 मई से लागू हो गया है, जो 31 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगा।

वन विभाग के अनुसार, खारे पानी के मगरमच्छों के प्रजनन और घोंसला बनाने के मौसम को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष यह कदम उठाया जाता है। इस दौरान मगरमच्छ अत्यधिक संवेदनशील और आक्रामक हो जाते हैं। वे घोंसले बनाते हैं और अंडे देते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार का मानवीय हस्तक्षेप या शोर-शराबा उनके प्रजनन चक्र को प्रभावित कर सकता है।

राजनगर वन प्रभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि में पर्यटकों को राष्ट्रीय उद्यान और उससे सटे भितरकनिका वन्यजीव अभयारण्य के प्रमुख प्रवेश द्वारों से प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, डांगमाल, गुप्ति और खोला जैसे घोंसला बनाने वाले स्थलों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान देश में खारे पानी के मगरमच्छों की सबसे बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों में शामिल है। हालिया आंकड़ों के मुताबिक यहां 1,800 से अधिक मगरमच्छ मौजूद हैं।

वन विभाग का कहना है कि यह तीन महीने की बंदी एक नियमित संरक्षण उपाय है, जिससे इन दुर्लभ और प्राचीन सरीसृपों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पार्क को 1 अगस्त 2026 से फिर से पर्यटकों के लिए खोले जाने की संभावना है।