September 4, 2026

सांसद भोजराज नाग का वीडियो वायरल, बोले- महादेव से प्रार्थना कर नींबू काटकर रुकवा दी बारिश

बालोद। अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले कांकेर सांसद भोजराज नाग का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सांसद बारिश रोकने को लेकर महादेव और बूढ़ादेव से प्रार्थना करने तथा नींबू काटने की बात कहते नजर आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में दिया बयान

दरअसल, मंगलवार को बालोद जिले के डौंडीलोहारा स्थित मिनी स्टेडियम में मातृ शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मंच से संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने खराब मौसम का जिक्र किया।

सांसद ने कहा कि जब मुख्यमंत्री के बालोद आने का प्रोटोकॉल रात करीब 12 बजे जारी हुआ, तब उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटकर बारिश रुकवा दी, ताकि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में पहुंच सकें।

बोले- अब पानी को गिरना है तो गिरे

भोजराज नाग ने मंच से कहा कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में पहुंच चुके हैं और कार्यक्रम भी पूरा हो गया है। अब अगर पानी गिरना है तो गिर सकता है।

सांसद के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।