March 5, 2026

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय बजट 2026 को बताया निराशाजनक, कहा- छत्तीसगढ़ को अडानी के लिए छोड़ दिया गया

रायपुर। केंद्रीय बजट 2026 पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने इस बजट को निराशाजनक करार देते हुए कहा कि देश में इससे किसी को कोई फायदा नहीं हुआ और छत्तीसगढ़ को विशेष रूप से अडानी के लिए छोड़ दिया गया है।

भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“केंद्रीय बजट का प्रतिगामी असर दिखाई दे रहा है। न कृषि, न उद्योग, न रोजगार और न ही मजदूरों के लिए इसमें कुछ है। मिडिल क्लास के लिए भी कोई राहत नहीं दी गई। इनकम टैक्स के स्लैब में बदलाव नहीं किया गया। शराब महंगी हो गई और मछली सस्ती, बस यही दिखा।”

उन्होंने प्रदेश में धान खरीदी की स्थिति पर भी कटाक्ष किया:
“31 तारीख निकल गई, किसान सड़कों पर थे। भाजपा के नेता अपना बचत धान नहीं बेच पाए, तो दूसरों का क्या होगा? छोटे किसानों को समर्पण कराया गया और बड़े किसानों को टोकन नहीं मिला। मोदी ने खुद कहा था कि 31 सौ क्विंटल में सबका धान खरीदा जाएगा, लेकिन किसी का धान बिक नहीं पाया।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट से न तो किसानों को लाभ हुआ, न ही श्रमिकों और आम जनता को। उनका मानना है कि यह बजट केवल कुछ बड़े हितधारकों को फायदा पहुंचाने वाला नजर आता है।