July 23, 2026

अमित शाह के बयानों पर भूपेश बघेल का तीखा पलटवार, बोले– बस्तर पर भाजपा सरकार ने दी गलत जानकारी, नक्सलवाद पर कांग्रेस के काम को नजरअंदाज किया गया

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयानों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर जो भी प्रगति हुई है, उसका श्रेय केवल वर्तमान सरकार को देना गलत है, क्योंकि 2018 से 2023 के बीच कांग्रेस सरकार ने भी बस्तर में सुरक्षा और विकास के कई ठोस कार्य किए थे।

बघेल ने कहा कि अमित शाह द्वारा छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होने की घोषणा का वे स्वागत करते हैं, लेकिन इसके साथ यह भी सच है कि भाजपा सरकार ने उन्हें बस्तर की वास्तविक स्थिति की सही जानकारी नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण केंद्रीय गृहमंत्री भ्रमित होकर बयान दे रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सल उन्मूलन की दिशा में कांग्रेस सरकार के दौरान सुरक्षा कैंपों का विस्तार, सड़क निर्माण और पुनर्वास कार्य तेजी से आगे बढ़े थे, जिससे क्षेत्र में स्थिति में सुधार आया। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने भी उस समय राज्य सरकार के काम की सराहना की थी।

बघेल ने कहा कि 2009 से 2021 के बीच वामपंथी उग्रवाद की घटनाओं में बड़ी गिरावट आई है, जिसे केंद्र सरकार के आंकड़े भी दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में स्कूलों और बुनियादी सुविधाओं को पुनः शुरू करने का काम भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ।

उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल बंद करने, योजनाओं की गलत जानकारी देने और नीतियों को लेकर केंद्र को भ्रमित किया जा रहा है। बघेल ने कहा कि यदि सही तथ्य प्रस्तुत किए जाते तो केंद्रीय गृहमंत्री के बयान अलग होते।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर केवल नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह खनिज संपदा और विकास की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है, जहां वर्षों से विभिन्न सरकारों के प्रयास जारी हैं।