रायपुर। असम दौरे से लौटे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वहां की राजनीतिक स्थिति को लेकर भाजपा और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि असम की जनता भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है और अब बदलाव की बयार चल पड़ी है।
कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई का आरोप
मीडिया से चर्चा करते हुए बघेल ने कहा कि डर के कारण हिमंता सरकार कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज कर रही है। उन्होंने पवन खेड़ा के घर पर पुलिस रेड का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा के दबाव और हथकंडों से डरने वाली नहीं है।
बीजेपी पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता बौखला गए हैं और जनता को लुभाने के लिए पुराने वादे दोहरा रहे हैं। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 2003 में छत्तीसगढ़ में गाय बांटने की योजना सफल नहीं हुई थी, अब भाजपा के पास नया कुछ देने के लिए नहीं है।
भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए
बघेल ने आरोप लगाया कि असम में मुख्यमंत्री और उनका परिवार भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि तीन फर्जी पासपोर्ट और विदेशों में संपत्ति के मामले में उनके द्वारा दिए गए आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
एजेंसियों की भूमिका पर सवाल
उन्होंने कहा कि देश की जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। रात में एफआईआर दर्ज होती है और सुबह असम पुलिस दिल्ली पहुंच जाती है, जबकि आचार संहिता लागू है। यह पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा करता है।
बघेल ने दावा किया कि असम में जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर चुनावी नतीजों में देखने को मिलेगा।





