March 3, 2026

बजट से पहले भूपेश बघेल का हमला, बोले- सरकार के पास कोई उपलब्धि नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट पेश होने से एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण के ठीक अगले दिन बजट पेश किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे अभिभाषण की गरिमा के खिलाफ बताया।

मीडिया से चर्चा में भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार बजट को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “थकी और झुकी सरकार” के पास बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए इस बार के बजट से भी उन्हें कोई उम्मीद नहीं है।

कई मुद्दों पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट नहीं हैं और जनता को ठोस राहत की अपेक्षा है।

होली पर शराब दुकानें खुली रखने के सवाल पर उन्होंने मंत्री रामविचार नेताम पर भी निशाना साधा और कहा कि इस तरह के फैसलों से सामाजिक संदेश गलत जाता है।

राज्यसभा नामांकन पर बोले

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा नामांकन के संबंध में भूपेश बघेल ने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी नाम तय कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी और अन्य साथियों को भी अवसर मिलना चाहिए।

बजट सत्र से पहले दिए गए इस बयान से प्रदेश की सियासत गरमा गई है और अब सबकी निगाहें सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले बजट पर टिकी हैं।