July 23, 2026

बिलासपुर पहुंचे भूपेश बघेल, भाजपा पर साधा निशाना; बोले- कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी चुनाव

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने बिलासपुर प्रवास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। अयोध्या राम मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, जबकि आज आरएसएस और बजरंग दल के लोग देश को लूट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में रायगढ़ से लेकर बस्तर तक राम के नाम पर लूट मची हुई है।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने कहा, “कका अभी जिंदा हे और कका का तेवर बरकरार रहेगा, लेकिन चुनाव कांग्रेस पार्टी के सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।”

किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान तीन तरह की मार झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर मौसम की मार है, दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल संकट और नकली खाद की समस्या है। इसके अलावा बढ़े हुए बिजली बिलों ने भी किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और स्कूल खुलने के बावजूद बच्चों को समय पर किताबें और बस्ते नहीं मिल पाए हैं।

बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुई चाकूबाजी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को भाजपा नेताओं और विधायकों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अब हालात ऐसे हैं कि जेल के भीतर बंद कैदी भी सुरक्षित नहीं हैं।

कांग्रेस नेता Rahul Gandhi को लेकर दिए गए बयान में भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी को बदनाम करने के लिए अरबों रुपये खर्च कर चुकी है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी जब भी कोई मुद्दा उठाते हैं तो भाजपा के सभी नेता सक्रिय हो जाते हैं। बघेल के अनुसार भाजपा को यदि किसी से राजनीतिक डर है तो वह केवल राहुल गांधी हैं।