July 31, 2026

नकटी पहुंचे भूपेश बघेल और दीपक बैज, प्रभावित परिवारों से मुलाकात; सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। रायपुर के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मंगलवार को प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं ने लोगों की समस्याएं सुनीं, प्रशासन की कार्रवाई की आलोचना की और प्रभावितों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

दीपक बैज बोले- कांग्रेस आपके साथ खड़ी है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रभावित परिवारों से घटना के समय मौके पर नहीं पहुंच पाने पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि देर रात घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं को मौके पर भेजा गया था, लेकिन पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात था।

बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करती है और प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि घर टूटे हैं तो उन्हें दोबारा बनाया जाएगा और कांग्रेस इस लड़ाई में लोगों का साथ देगी।

“गरीबों के घर उजाड़कर नहीं बनने चाहिए सरकारी आवास”

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार विधायक और अधिकारियों के लिए आवास बनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन इसके लिए गरीबों के घर उजाड़ना किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी का घर तोड़कर विकास नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस यहां राजनीति करने नहीं, बल्कि प्रभावित लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने आई है। बैज ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसी गरीब का घर नहीं तोड़ा गया।

विधानसभा से लेकर राज्यपाल तक उठेगा मुद्दा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस नकटी गांव का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगी। साथ ही कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर और राज्यपाल से भी मुलाकात करेगा। यदि समाधान नहीं निकला तो पार्टी बड़े आंदोलन और प्रदर्शन की रणनीति बनाएगी।

भाजपा विधायक और सांसद पर उठाए सवाल

दीपक बैज ने भाजपा विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वे चाहते तो यह कार्रवाई रुक सकती थी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से जवाब पूछा जाना चाहिए कि प्रभावित परिवारों के घर क्यों नहीं बचाए गए।

भूपेश बघेल ने मांगा मुआवजा और पुनर्वास

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात के बाद राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन ने गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया, जबकि प्रभावशाली लोगों के अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने मांग की कि जिन लोगों के घर तोड़े गए हैं, उन्हें मकानों का उचित मुआवजा दिया जाए और उनकी आजीविका के नुकसान की भी भरपाई की जाए। बघेल ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।

“गरीबों पर बुलडोजर चलाकर ताकत दिखाई”

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार ने गरीबों पर बुलडोजर चलाकर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल और अनुज शर्मा पहल करते तो कई परिवारों के घर बचाए जा सकते थे। साथ ही उन्होंने मांग की कि गांव और उसके आसपास मौजूद सभी अवैध कब्जों पर समान रूप से कार्रवाई की जाए।