कोरिया। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel कटगोड़ी नौगई तिहरे हत्याकांड में मृतकों के परिजनों से मिलने बैकुंठपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घटना को षड्यंत्र से प्रेरित बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मामले की नए सिरे से जांच कराने की मांग की।
मीडिया से चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि यह हत्याकांड बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्यप्रणाली संदिग्ध नजर आ रही है। बघेल ने मांग की कि जिले के सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों का तबादला कर मामले की नए सिरे से जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav के बुलडोजर कार्रवाई संबंधी बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले शिक्षा विभाग की व्यवस्था संभालनी चाहिए। स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन बच्चों तक किताबें और बस्ते नहीं पहुंचे हैं, जबकि सरकार बुलडोजर चलाने की बात कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों ने मामले की सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
परिवार के सदस्यों ने भूपेश बघेल से न्याय दिलाने की उम्मीद जताते हुए कहा कि उन्हें निष्पक्ष जांच की अपेक्षा है। मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक Gulab Kamro और Ambika Singhdeo भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मृतक भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह बैकुंठपुर-सोनहत क्षेत्र के प्रभावशाली व्यक्ति माने जाते थे। वे सोनहत जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके थे। राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्र में उनकी पहचान थी तथा वे ठेकेदारी और क्रशर व्यवसाय से जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि उनके भतीजे को हाल ही में रेत खदान का ठेका मिला था, जिसे लेकर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा था।
फिलहाल तिहरे हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और मामले की जांच जारी है।





