रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली तिहार को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री निवास के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित आवास पर भी पारंपरिक तरीके से हरेली तिहार मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भूपेश बघेल ने हरेली तिहार के बहाने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
‘हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ी परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाया’
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के त्योहार और लोक परंपराएं हजारों वर्षों से चली आ रही हैं। उनकी सरकार के कार्यकाल में इन परंपराओं को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़ी संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को जो सम्मान और पहचान मिली थी, वह अब खत्म कर दी गई है। बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर अब नहीं लगाई जा रही है। उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस पर सरकार की ओर से बधाई नहीं दिए जाने का भी मुद्दा उठाया।
हरेली प्रकृति और कृषि से जुड़ा पर्व
भूपेश बघेल ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ का पहला और प्रमुख तिहार है। इस दिन किसान कृषि औजारों की पूजा करते हैं और पशुधन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि हरेली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, खेती-किसानी और छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति से गहराई से जुड़ा पर्व है।
अमित शाह के बयान पर भी साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सदन से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि गृहमंत्री को सदन में आने से कौन रोक सकता है? उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि हजारों बच्चों पर गोली, आंसू गैस और लाठीचार्ज किसके आदेश पर किया गया। बघेल ने कहा कि राहुल गांधी इसी मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आदेश गृहमंत्री का था तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी दिया बयान
प्रधानमंत्री को लेकर बच्चों द्वारा सोशल मीडिया पर किए जा रहे पोस्ट के सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि जो काम बड़े लोग नहीं कर पाए, वह बच्चों ने कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री की बनाई गई मजबूत छवि पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बच्चों ने उसे एक मिनट में बदल दिया।
भूपेश बघेल के आवास पर पारंपरिक अंदाज में मना हरेली

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित आवास पर भी हरेली तिहार का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में PCC महिला अध्यक्ष संगीता सिन्हा, विधायक संदीप साहू, रामकुमार यादव, कुंवर सिंह निषाद, चातुरी नंद, हर्षिता बघेल और पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। भूपेश बघेल की पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल, बेटी और बहू भी आयोजन में मौजूद रहीं।





