March 3, 2026

रोलिंग पेपर पर प्रतिबंध को लेकर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, बोले– सरकार खुद मान रही है रायपुर में बड़े पैमाने पर नशा

रायपुर। रायपुर नगरीय क्षेत्र में रोलिंग पेपर, गोगो स्मोकिंग कोन और पर्फेक्ट रोल की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने इस आदेश को “अजब-गजब फैसला” करार दिया।

भूपेश बघेल ने कहा कि इस आदेश से यह साफ हो गया है कि सरकार अब खुद यह मान रही है कि रायपुर में गांजा, चरस जैसे नशीले पदार्थों का सेवन बड़े पैमाने पर हो रहा है

मूल समस्या का समाधान नहीं: भूपेश बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आदेश में नशे के सेवन में उपयोग होने वाली सामग्री की बिक्री पर रोक की बात कही गई है, लेकिन इससे नशे की मूल समस्या का समाधान नहीं होगा
उन्होंने तंज कसते हुए कहा,
“यह वैसा ही है जैसे शराब कम करने के लिए डिस्पोजल या कांच के गिलास और चखना बेचने पर ही प्रतिबंध लगा दिया जाए।”

समय-सीमा पर भी उठाए सवाल

भूपेश बघेल ने आदेश की अवधि पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि यह आदेश सिर्फ 29 मार्च 2026 तक, यानी मात्र दो महीने के लिए ही क्यों लागू किया गया है
उन्होंने कहा कि अगर सरकार वास्तव में नशे के खिलाफ गंभीर है, तो इसे स्थायी आदेश क्यों नहीं बनाया गया।

‘यदि बीच में वापस ना लिया गया’ पर भी सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने आदेश में लिखे गए वाक्य “यदि बीच में वापस ना लिया गया” को भी संदेह के घेरे में बताया।
उन्होंने पूछा कि आखिर ऐसा कौन है जो इसे बीच में वापस ले सकता है

पूरे छत्तीसगढ़ में फैला है नशा

भूपेश बघेल ने कहा कि नशा सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ इसकी गिरफ्त में है
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,
“अगर सरकार गंभीर है तो गंभीर आदेश निकाले, मीडियाबाज़ी के लिए सरकार के पास पहले से ही बहुत से इवेंट हैं।”