रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित ईडी कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने ईडी की कार्रवाई को लेकर विरोध जताया।
‘रामगोपाल अग्रवाल अकेले नहीं, पूरी कांग्रेस उनके साथ’
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल को पहले गिरफ्तार किया गया था और अब ईडी ने भी उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल अकेले नहीं हैं, पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
बघेल ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसी दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में चोरी, डकैती और लूट हो रही है, लेकिन ईडी की ओर से इन मामलों में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
‘सरकार हमारी आएगी तो एक-एक का हिसाब होगा’
भूपेश बघेल ने भाजपा पर बदले की भावना से कार्रवाई कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऊपर वाले के घर देर है, अंधेर नहीं। उन्होंने ईडी को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार हमारी आएगी तो एक-एक का हिसाब किया जाएगा।
बघेल ने आरोप लगाया कि रायपुर के एक होटल में बैठकर कौन वसूली कर रहा है और कौन लूट मचा रहा है, इसकी कांग्रेस को जानकारी है। उन्होंने कहा कि समय आने पर सभी का हिसाब होगा।
रामगोपाल अग्रवाल पर लगाए आरोपों पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने रामगोपाल अग्रवाल पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल काल्पनिक तथ्य पेश किए जा रहे हैं। यदि पैसा होने की बात कही जा रही है तो यह भी बताया जाना चाहिए कि पैसा कहां है।
कथित शराब घोटाला मामले में हुई गिरफ्तारी
गौरतलब है कि ईडी ने कथित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कांग्रेस इसी गिरफ्तारी के विरोध में लगातार प्रदर्शन कर रही है।





