रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस शासित राज्यों को लेकर दिए गए बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद नेताओं को ताश के पत्तों की तरह फेंटती है और फिर दूसरों को उपदेश देती है। साथ ही उन्होंने महंगाई, किसानों की समस्याओं और विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा।
“कांग्रेस की चिंता छोड़ें, जनता के मुद्दों पर बोलें”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करने के बजाय प्रधानमंत्री को पेट्रोल-डीजल की कीमतों, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेती-किसानी का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन खाद और बीज की स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं नीट और अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ियों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए।
“रीलबाजी के लिए कर्मचारियों का अपमान उचित नहीं”
प्रदेश में जनप्रतिनिधियों द्वारा सार्वजनिक मंचों से अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकारने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना सम्मान होता है। यदि कोई गलती करता है तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन केवल दिखावे या प्रचार के लिए किसी को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना उचित नहीं है।
“बीजेपी मुझे ही अपना प्रतिद्वंद्वी मानती है”
भाजपा पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि भाजपा नेताओं को दिन-रात उनके ही सपने आते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मुद्दे पर उन्हें निशाना बनाती है, जिससे यह स्पष्ट है कि वह उन्हें अपना प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानती है।
झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए बने पर्यवेक्षक
कांग्रेस ने झारखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए भूपेश बघेल और अजय शर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस पर बघेल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और चुनाव प्रक्रिया के समन्वय के लिए वे दिल्ली होते हुए रांची रवाना होंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी गंभीरता से निर्वहन किया जाएगा





