July 23, 2026

नकटी बेदखली पर गरमाई सियासत, भूपेश बघेल ने भाजपा पर साधा निशाना

रायपुर। नकटी में बेदखली की कार्रवाई को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर ही वरिष्ठ नेताओं की राजनीति खत्म करने की साजिश चल रही है।

भूपेश बघेल ने कहा कि “बृजमोहन अग्रवाल वर्सेज भाजपा” जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने ही वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक भूमिका समाप्त करने की कोशिश कर रही है।

साल 2028 के विधानसभा चुनाव और कांग्रेस के बस्तर फोकस को लेकर पूछे गए सवाल पर बघेल ने कहा कि प्रदेश में मुद्दों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बस्तर को लूटना चाहती है और जनता अब इसे समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों, छात्रों, शासकीय कर्मचारियों, महिलाओं और आदिवासियों से जुड़े कई मुद्दे आज भी प्रदेश में मौजूद हैं।

वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी के कथित वायरल ऑडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ओपी चौधरी “पीए बनने के ही लायक हैं” और उन्हें किसी मंत्री का पीए बन जाना चाहिए। बघेल ने कहा कि मंत्री बनने से पहले वे नौकरशाही में “जी सर” और “यस सर” कहते रहे हैं, इसलिए उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया है।