रायपुर। बस्तर में भाजपा की प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा 12 से 15 अगस्त तक बस्तर में तिरंगा यात्रा निकाले जाने के ऐलान पर बघेल ने कहा कि भाजपा की सरकार के दौरान बस्तर में काले झंडे फहराए जाते थे, जबकि कांग्रेस सरकार बनने के बाद ऐसी घटनाएं नहीं हुईं और सभी पंचायतों में चुनाव कराए गए।
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के समय पंचायत चुनाव तक नहीं होते थे। उन्होंने RSS पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 52 साल तक संघ के कार्यालय में तिरंगा नहीं फहराया गया। बघेल ने आरोप लगाया कि तिरंगे का अपमान करने वाले लोग आज तिरंगा यात्रा निकालकर खुद को राष्ट्रप्रेमी बता रहे हैं।
‘तिरंगे का अपमान करने वाले आज राष्ट्रभक्ति बता रहे’
बघेल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कभी तिरंगे का सम्मान नहीं करते थे, वे आज दूसरों को देशभक्ति का प्रमाणपत्र दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा और RSS की विचारधारा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब यही लोग राष्ट्रभक्ति की बात कर रहे हैं।
बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर भी BJP को घेरा
दो बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी को लेकर भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की 15 साल की सरकार और मौजूदा सरकार के ढाई साल को मिलाकर करीब 17 साल हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान केवल दो बांग्लादेशियों को पकड़े जाने को ही उपलब्धि के तौर पर बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा बांग्लादेश के नाम पर लगातार राजनीति करती रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई कितनी हुई, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।
महतारी वंदन योजना को लेकर उठाए सवाल
महतारी वंदन योजना में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को राशि मिलने के मुद्दे पर भी बघेल ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि योजना वर्ष 2024 में लागू हुई और इसके बाद बड़ी संख्या में शादियां हुई हैं। ऐसे में उन्होंने सवाल किया कि जिन महिलाओं की स्थिति बदली है, उनके नाम पोर्टल पर अपडेट क्यों नहीं हैं और पोर्टल बंद क्यों रखा गया है।
बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं को केवल गुमराह कर रही है।
रोजगार और पलायन को लेकर सरकार पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रोजगार के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि नई उद्योग नीति के बावजूद प्रदेश से मजदूरों का पलायन जारी है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में छत्तीसगढ़ के मजदूरों की हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हैं।
बघेल ने आरोप लगाया कि मनरेगा में गरीबों को मिलने वाला काम भी सरकार ने कम कर दिया है। उन्होंने कहा कि ढाई साल में प्रदेश में कोई बड़ा नया उद्योग नहीं लगा और युवाओं को नई नौकरियां नहीं मिलीं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में सरकार किस औद्योगिक नीति की बात कर रही है।
ED पर लगाया BJP के एजेंट के तौर पर काम करने का आरोप
भूपेश बघेल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अफीम की खेती जैसे मामले सामने आए हैं और कुछ मामलों में पकड़े गए लोग बाद में छूट भी गए। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे मामलों में ED की कार्रवाई कहां है।
बघेल ने आरोप लगाया कि जिन मामलों में मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका है, वहां ED कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री ओवररेट पर हो रही है, लेकिन इस दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।





