September 4, 2026

CM के गृह विधानसभा में मोबाइल दुकान चोरी पर भूपेश बघेल का तंज, बोले- गृहमंत्री को विदा करने का सही समय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। बघेल ने चोरी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा को भी कटघरे में खड़ा किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चोरी के आरोपियों को पकड़ने के लिए जशपुर पुलिस के पास पेट्रोल-डीजल तक के लिए पैसे नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से तंज भरे अंदाज में कहा कि गृहमंत्री को विदा करने का यह सही समय है।

थाने के सामने मोबाइल दुकान में हुई थी चोरी

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में पुलिस थाने के सामने जय स्तंभ चौक स्थित कठौतिया मोबाइल दुकान में 12 अगस्त की रात चोरी की घटना हुई थी। चोर दुकान से करीब 130 से 140 मोबाइल फोन चोरी कर बस के जरिए फरार हो गए थे।

मामले में पुलिस अब तक चोरी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है और न ही चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए जा सके हैं।

चोरी के फोन हो रहे एक्टिवेट, पुलिस पर सवाल

जानकारी के मुताबिक चोरी किए गए मोबाइल फोन लगातार अलग-अलग स्थानों पर एक्टिवेट हो रहे हैं। दुकानदार पुलिस को इसकी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन आरोप है कि पुलिस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग कारण बता रही है।

दुकानदार का आरोप है कि पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने जाने के लिए पेट्रोल के पैसे नहीं होने की बात कही। बताया जा रहा है कि आरोपी की तलाश के लिए प्रार्थी से पेट्रोल के लिए पैसे मांगे गए, जिस पर प्रार्थी ने पैसे भी दिए।

इस मामले को लेकर भूपेश बघेल ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिस की यह स्थिति है, तो पूरे प्रदेश की व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

इधर, प्रार्थी की रिपोर्ट पर कुनकुरी थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान और पतासाजी की।

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी की पहचान तौसीफ रजा पिता मौलाना ताजउद्दीन, उम्र 35 वर्ष, निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में की।

पुलिस की विशेष टीम झारखंड पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके दूसरे साथी के पास हैं।

पुलिस ने दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है, लेकिन वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार पतासाजी कर रही है।