July 23, 2026

भूपेश बघेल का भाजपा पर हमला, वंदे मातरम् विवाद और पंजाब चुनाव को लेकर बड़ा बयान

रायपुर। केरलम में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को लेकर छिड़े विवाद के बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे बिना देखे एक साथ वंदे मातरम् गाकर दिखाएं।

भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस के हर कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से होती है, जबकि भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके लोग पहले कभी इसे गाते तक नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के जिला स्तर के कार्यक्रमों में भी नियमित रूप से वंदे मातरम् का गायन किया जाता है।

इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उनकी मुलाकात कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से हुई। इस बैठक में पंजाब में होने वाले आगामी चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठनात्मक रणनीति और चुनावी तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

केंद्र की मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा द्वारा शुरू किए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान पर भी भूपेश बघेल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनसंपर्क अभियान जरूर चलाना चाहिए, क्योंकि जनता अब उनसे सवाल पूछने के लिए तैयार है और जवाब का इंतजार कर रही है।