September 6, 2026

‘बिग बॉस 20’ का पहला टीजर रिलीज, सलमान खान की दमदार एंट्री ने बढ़ाया सस्पेंस

टीवी का सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। शो के मेकर्स ने मंगलवार को इसका पहला टीजर जारी कर दिया, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। इस बार भी बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान होस्ट की भूमिका में नजर आएंगे। टीजर में उनका दमदार अंदाज, रहस्यमयी डायलॉग और नए सीजन से जुड़ा खास क्लू फैंस की उत्सुकता बढ़ा रहा है।

घोड़े के साथ सलमान की रॉयल एंट्री

करीब एक मिनट के टीजर की शुरुआत सलमान खान की शानदार एंट्री से होती है। वह घोड़े के साथ रॉयल अंदाज में नजर आते हैं। इसके बाद उनका एक रहस्यमयी डायलॉग सुनाई देता है, जो उनकी सुपरहिट फिल्म ‘करण अर्जुन’ की याद दिलाता है। सलमान का यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर टीजर तेजी से वायरल हो रहा है।

टीजर में छिपा बड़ा रहस्य

टीजर की सबसे खास बात उसमें छिपा सस्पेंस है। मेकर्स ने सीधे तौर पर कुछ भी खुलासा नहीं किया, लेकिन एक बड़ा संकेत जरूर दिया है। प्रोमो देखने के बाद कई फैंस का मानना है कि इस बार शो की थीम ट्विन्स (जुड़वां) या सिबलिंग्स (भाई-बहन) पर आधारित हो सकती है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

टीजर में सलमान खान कहते हैं, “बिग बॉस का हर सीजन एक नया खेल और नए मोड़ लेकर आता है। लेकिन इस सीजन में एक ऐसा रहस्य है, जो इसे पहले के सभी सीजन से अलग बनाता है। पहला क्लू तो पहले ही मिल चुका है, बस आपको इसे दो बार देखना होगा।”

कंटेस्टेंट्स पर बरकरार सस्पेंस

फिलहाल शो में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट्स के नामों पर भी सस्पेंस बना हुआ है। सोशल मीडिया पर कई सेलिब्रिटीज के नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन मेकर्स ने अभी तक किसी भी प्रतिभागी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होगा। शो का प्रसारण कलर्स टीवी पर किया जाएगा, जबकि इसे जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जा सकेगा।