July 24, 2026

बीजापुर में बड़ी सफलता: 12 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण

बीजापुर | जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “नियद नेल्लानार” योजना और पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर 12 सशस्त्र माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इनमें 08 महिला और 04 पुरुष माओवादी शामिल हैं, जिन पर कुल 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

आत्मसमर्पण के दौरान माओवादियों ने अपने पास मौजूद एक AK-47 और दो SLR राइफल भी पुलिस को सौंपे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये सभी 12 माओवादी कई गंभीर नक्सली घटनाओं जैसे फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट और आगजनी में शामिल रहे हैं।

इस कार्यक्रम में बस्तर आईजी पी. सुंदरराज, सीआरपीएफ डीआईजी देवेंद्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत 50-50 हजार रुपये की नगद सहायता राशि प्रदान की गई।

साल 2026 में अब तक की स्थिति:
पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक कुल 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं, 1163 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और 231 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं।

बी. सुंदरराज, आईजी, बस्तर ने कहा, “सरकार की योजनाएं और पुनर्वास नीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। लगातार माओवादी मुख्यधारा में लौट रहे हैं, जिससे क्षेत्र में शांति और विकास की संभावनाएं बढ़ रही हैं।”