बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सतीश मंडावी को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने वोटर आईडी कार्ड दिलाने के बहाने युवती को अपने अटल आवास स्थित निवास पर बुलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी सतीश मंडावी ने उसे वोटर आईडी कार्ड देने के नाम पर अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस घटना की जानकारी दी तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
घटना के बाद पीड़िता सखी सेंटर पहुंची, जहां उसने पूरी आपबीती बताई। इसके बाद सखी सेंटर के माध्यम से वह कोतवाली थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सतीश मंडावी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 64(2)(f) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया।





