May 16, 2026

मजदूरों से भरा मालवाहक पलटा, 15 घायल—3 की हालत गंभीर, जगदलपुर रेफर

मजदूरों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर पलटा

बीजापुर। जिले में एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां मजदूरों से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में वाहन में सवार करीब 40-45 ग्रामीणों में से लगभग 15 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिर्च तोड़ने महाराष्ट्र जा रहे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, यह हादसा भोपालपट्टनम ब्लॉक के ग्राम सोमनपल्ली के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। पेंटागुड़ा, बारेगुड़ा और दममुर गांव के मजदूर महाराष्ट्र मिर्च तोड़ने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

घायलों का इलाज जारी, 3 को किया गया रेफर

हादसे के बाद घायलों को पहले उप स्वास्थ्य केंद्र भोपालपट्टनम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
डॉ. रत्ना ठाकुर ने बताया कि तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर भेजा गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है और सभी खतरे से बाहर हैं।

जनप्रतिनिधियों ने जाना हालचाल

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

ओवरलोडिंग और सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर मालवाहक वाहनों में मजदूरों की ढुलाई और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।