सुरेश पर्तागिरी, बीजापुर। छत्तीसगढ़ के कोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र बीजापुर में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में दो बड़े कैडर के नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। वहीं सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा लगाए गए भारी मात्रा में IED बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
सुबह 7 बजे शुरू हुई मुठभेड़, ACM रैंक का नक्सली ढेर
बीजापुर के दक्षिणी इलाके में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। सुबह करीब 7 बजे जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
इस दौरान एक ACM रैंक का नक्सली और एक पार्टी सदस्य मारा गया। जवानों ने मौके से नक्सलियों के शवों के साथ पिस्टल, .303 रायफल और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। फिलहाल इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग जारी है और सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
30 किलो के IED से जवानों को उड़ाने की थी साजिश
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को भी नाकाम कर दिया। DRG बीजापुर, थाना इलमिड़ी और छसबल 9वीं वाहिनी की टीम जब लंकापल्ली क्षेत्र में सर्चिंग कर रही थी, तभी सड़क के बीचों-बीच 20–30 किलोग्राम वजनी दो IED बरामद किए गए।
बताया गया कि इन IED को कमांड स्विच सिस्टम से जोड़ा गया था, ताकि किसी बड़े वाहन को निशाना बनाया जा सके। BDS टीम ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दोनों शक्तिशाली बमों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।


जवानों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुरक्षाबलों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की नापाक साजिश नाकाम हो गई। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान तेज कर दिया गया है।





