March 4, 2026

बीजापुर में 30 माओवादी हुए आत्मसमर्पण, सिर पर था 85 लाख रुपए का ईनाम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के बीच बस्तर में माओवादी हिंसा कम होने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। सुकमा में 21 माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद बीजापुर में 30 माओवादियों ने हथियार डालकर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इन माओवादियों के सिर पर कुल 85 लाख रुपए का ईनाम घोषित था।

सरकार की “नियद नेल्ला नार” योजना और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 30 माओवादी पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने पहुंचे। इसमें 20 महिला और 10 पुरुष माओवादी शामिल थे। यह सभी माओवादी फायरिंग, आईडी ब्लास्ट और आगजनी जैसी गंभीर घटनाओं में शामिल रहे हैं।

आत्मसमर्पण कार्यक्रम में सीआरपीएफ डीआईजी देवेन्द्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने सभी माओवादी को 50-50 हजार रुपए नगद राशि प्रदान की।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक कुल 918 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। वहीं वर्ष 2025 से अब तक 1163 माओवादियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा सुरक्षाबलों ने विभिन्न मुठभेड़ में 231 माओवादियों को मार गिराया है।

यह घटनाक्रम छत्तीसगढ़ में माओवादी हिंसा को कम करने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की दिशा में उठाए गए कदमों को सशक्त रूप से दर्शाता है।