बीजापुर। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नक्सल मामलों में वर्षों से जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग में नक्सल प्रभावित दौर के दौरान कई गरीब और निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों को नक्सली मामलों में जेल भेजा गया, जो आज भी न्याय का इंतजार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक मंडावी ने कहा कि बस्तर संभाग आदिवासी बहुल क्षेत्र है और बीजापुर लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। इस दौरान अनेक निर्दोष ग्रामीणों को नक्सली मामलों में जेल भेज दिया गया। आर्थिक तंगी और कम शिक्षा के कारण कई आदिवासी न्यायालय तक अपनी बात नहीं पहुंचा सके, जिससे वे वर्षों से जेल में बंद हैं।
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि वर्तमान में बस्तर नक्सल मुक्त हो चुका है। सरकार ने आत्मसमर्पण करने वाले हथियारबंद नक्सलियों को पुनर्वास नीति के तहत राहत और पुनर्वास का लाभ दिया है। ऐसे में नक्सली मामलों में वर्षों से जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों के मामलों की भी समीक्षा कर उन्हें माफी देते हुए रिहा किया जाना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से इस संबंध में मानवीय आधार पर उचित निर्णय लेने और निर्दोष आदिवासियों को न्याय दिलाने की मांग की है।






