May 14, 2026

बीजापुर में नक्सलियों के दो डंप बरामद, हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त

जगदलपुर। बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एंटी-नक्सल अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन ने कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के दो डंप बरामद किए हैं।

यह ऑपरेशन गंगालूर थाना क्षेत्र के पेद्दाजोजेर और लेण्ड्रा के घने जंगलों में चलाया गया। संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखी गई सामग्री को खोज निकाला।

बरामद डंप में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली है, जिसमें .303 राइफल, स्टेन गन, बीजीएल राउंड, डेटोनेटर, जिलेटिन और वायर शामिल हैं। सुरक्षा बलों के अनुसार, इनका उपयोग बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

समय रहते इस सामग्री को जब्त कर लिया गया, जिससे संभावित खतरे को टाल दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा और अभियान को और मजबूती मिलेगी।

सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि नक्सलियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।