बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गंगालूर थाना पुलिस ने भारी मात्रा में नक्सली डंप बरामद किया है। वहीं दूसरी ओर 5 लाख रुपए की इनामी महिला माओवादी पोडियम लक्ष्मी ने आत्मसमर्पण कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, गंगालूर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोडीतुमनार की पहाड़ी में नक्सलियों ने बंकर बनाकर हथियार और अन्य सामग्री छिपा रखी है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और नक्सली डंप बरामद किया।
पुलिस ने मौके से होंडा कंपनी के दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इन्वर्टर, चार बैटरी, 50 मीटर कार्डेक्स वायर, प्लास्टिक सामग्री और एक देशी बीजीएल लांचर जब्त किया है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर, छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा से लगे अल्लूरी सिताराम राजू जिले में 5 लाख की इनामी महिला माओवादी पोडियम लक्ष्मी ने आत्मसमर्पण किया है। बीजापुर जिले के उसुर थाना क्षेत्र की रहने वाली लक्ष्मी लंबे समय से DKSZC के 2 सीआरसी पीएलजीए बटालियन की सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रही थी।
सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने एटका पुलिस कैंप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Pankaj Meena के समक्ष सरेंडर किया। आत्मसमर्पण के बाद उसे पुनर्वास, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।





