बीजापुर: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर शुक्रवार सुबह से नक्सली और सुरक्षा बल के जवानों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस एंटी नक्सल ऑपरेशन में अब तक 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, जबकि मुठभेड़ स्थल से AK-47 और एक इंसास राइफल बरामद की गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। दोनों तरफ से लगातार रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस के विशेष दस्ता सी-60 ने नक्सलियों के खिलाफ यह ऑपरेशन शुरू किया। अबूझमाड़ के दुर्गम इलाके में सर्चिंग और डोमिनेटिंग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों की मौजूदगी के पुख्ता सबूत मिले, जिसके बाद से मुठभेड़ चल रही है।
अबूझमाड़ लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता है, जहां सुरक्षाबलों को हर कदम पर चुनौती का सामना करना पड़ता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात हैं और सघन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां ऑपरेशन के पूरा होने के बाद ही स्थिति पर आधिकारिक जानकारी साझा करने की संभावना जता रही हैं।





