बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बीजापुर के थाना मोदकपाल और थाना उसूर के इलाकों में शनिवार को दो अहम अभियान चलाए गए। मोदकपाल और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई में छह माओवादी स्मारक को ध्वस्त कर दिया। इससे पहले शुक्रवार को ताड़पाला हिल्स एरिया में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी।
इस दौरान ग्राम पंगुड़ में CRPF बी/62 वाहिनी और मोदकपाल थाना पुलिस की टीम ने चलित थाना लगाया। टीम ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनी और उन्हें सायबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों ने “भारत माता की जय” के नारों के साथ सुरक्षा बलों का उत्साहवर्धन किया।
थाना उसूर क्षेत्रान्तर्गत केरिपु 196 वाहिनी और कोबरा 204 की संयुक्त टीम ने ताड़पाला हिल्स एरिया में सघन नक्सल अभियान चलाया। कार्रवाई में जवानों ने दो अलग-अलग स्थानों से डंप के अंदर छिपाकर रखी विस्फोटक सामग्री, राशन और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री में 13 डेटोनेटर, 11 किलोग्राम गन पाउडर, चार प्लास्टिक ड्रम, दो स्टील ड्रम, दो लोहे के ड्रम, माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट और अन्य माओवादी साहित्य शामिल है। इसके अलावा, जमीन में छिपाए गए 13 बीयर बॉटल में प्रेशर स्विच सिस्टम से लगाए गए IED और एक डायरेक्शन IED भी बरामद किए गए। अभियान के दौरान टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में निर्मित माओवादी स्मारक को भी ध्वस्त किया गया।
सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी और अभियान जारी रहेगा, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और नक्सलियों के ठिकानों पर सख्त कार्रवाई होती रहे।





