May 15, 2026

बीजापुर शिक्षक आत्महत्या कांड में ठेकेदार गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

बीजापुर। शिक्षक आत्महत्या मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ठेकेदार देवाशीष मंडल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

मामला चेरपाल निवासी और पालनार स्कूल के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी की आत्महत्या से जुड़ा है। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में तीन लोगों—देवाशीष मंडल, शैलेष वासम और डोंगरे सर—को जिम्मेदार ठहराया गया है।

घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। जिला अस्पताल के सामने चक्काजाम कर न्याय की गुहार लगाई गई थी।

इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने निर्माण कार्य में दबाव और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।