May 14, 2026

शिक्षक सुसाइड केस में उबाल, बीजापुर में तेलंगा समाज की रैली, 6 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

बीजापुर।
शिक्षक आत्महत्या मामले को लेकर बीजापुर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। न्याय की मांग को लेकर तेलंगा समाज ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

समाज प्रमुखों ने आरोप लगाया कि घटना को 11 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सभी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रशासन किसके दबाव में काम कर रहा है और अभी तक शासकीय कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

सुसाइड नोट में तीन लोगों पर आरोप
जानकारी के अनुसार, चेरपाल निवासी और पालनार स्कूल के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला, जिसमें देवाशीष मंडल (ठेकेदार), शैलेष वासम और डोंगरे सर को जिम्मेदार बताया गया है।

बताया जा रहा है कि स्कूल भवन निर्माण में अनियमितता और घटिया गुणवत्ता के बावजूद भुगतान का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे शिक्षक मानसिक तनाव में थे और उन्होंने यह कदम उठाया।

पीड़ित परिवार की गुहार
मृतक की बेटी ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उनके पिता एक ईमानदार शिक्षक थे, लेकिन लगातार दबाव और तनाव के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

समाज की प्रमुख मांगें
समाज ने ज्ञापन के माध्यम से नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, न्यायिक जांच, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी, बच्चों की शिक्षा व्यवस्था सहित कुल 6 मांगें रखी हैं।

प्रशासन का आश्वासन
डिप्टी कलेक्टर ने कहा कि समाज की ओर से प्राप्त ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।