July 29, 2026

बीजापुर तेंदूपत्ता अग्निकांड: 8-10 करोड़ के नुकसान के बाद DFO हटाए गए, जांच तेज

बीजापुर। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग लगने से लगभग 25 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया। इस हादसे में सरकार को करीब 8 से 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर वनमंडलाधिकारी (DFO) रमेश जांगड़े को हटा दिया है।

मामले की जांच जारी

वन मंत्री ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

घटना के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठ रहे हैं। जिस समय गोदाम में तेंदूपत्तों की उठाई-ढुलाई का कार्य चल रहा था, उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे, इसको लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सहकारी समिति अध्यक्ष ने किया निरीक्षण

शुक्रवार को छत्तीसगढ़ लघुवनोपज सहकारी समिति के अध्यक्ष रूपसाय सलाम अचानक बीजापुर पहुंचे और ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विभागीय और पुलिस स्तर पर जांच जारी है तथा दोषियों पर कार्रवाई तय है।

उन्होंने कहा कि चाहे कोई अधिकारी हो, कर्मचारी हो या बाहरी व्यक्ति, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों की सक्रियता पर चर्चा

सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपनी नौकरी बचाने के लिए राजनीतिक संपर्क साधने में जुटे हुए हैं। इसको लेकर भी क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं कि क्या कार्रवाई केवल डीएफओ तक सीमित रहेगी या अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

आगे की कार्रवाई पर नजर

तेंदूपत्ता अग्निकांड के बाद अब पूरे मामले पर प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।