September 4, 2026

बीजापुर में आश्रम के 5वीं कक्षा के छात्र की मलेरिया से मौत, विधायक विक्रम मंडावी ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जांगला स्थित बालक आश्रम में रहकर पढ़ाई कर रहे कक्षा पांचवीं के आदिवासी छात्र लश्कर वट्टी की मलेरिया से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने इलाज में देरी को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, आश्रम में रह रहे बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और मलेरिया की रोकथाम को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

विधायक विक्रम मंडावी ने सरकार को घेरा

मामले को लेकर विपक्ष के बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने सरकार और संबंधित विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। विधायक ने कहा कि आदिवासी अंचल के बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते।

उन्होंने बस्तर को मलेरिया मुक्त किए जाने के दावे पर भी सवाल उठाया। मंडावी ने कहा कि यदि आदिवासी क्षेत्र में बच्चों की मौत मलेरिया जैसी बीमारी से हो रही है, तो स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों, निगरानी और उपचार व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

आश्रम के दूसरे बच्चों की जांच की मांग

छात्र की मौत के बाद आश्रम में रह रहे अन्य बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। बच्चों की स्वास्थ्य जांच, मलेरिया की रोकथाम और बीमारी के लक्षण सामने आने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर यह मांग भी उठ रही है कि आश्रम में रहने वाले सभी बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई जाए और मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। अब प्रशासन की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और इलाज में कथित देरी के लिए किसी की जिम्मेदारी तय होती है या नहीं, इस पर नजर बनी हुई है।